बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों का हाल जानने पहुंचे सीएम योगी, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
लखनऊ, 1 अप्रैल: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में हुई बेमौसम बारिश से प्रभावित किसानों का हाल जाना। उन्होंने जिलाधिकारियों से फसल नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तलब की और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की मार झेल रहे किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, यह सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां संयुक्त रूप से फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर रिपोर्ट शासन को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा मिल सके।
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों से संवाद बनाए रखें और फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का आकलन करें। उन्होंने यह भी कहा कि प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर सभी सूचनाएं समय पर एकत्र करें।
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर आपदा में किसानों के साथ खड़ी है और फसल नुकसान का आकलन होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि भुगतान समयबद्ध ढंग से किया जाए, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके।
