राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ‘साथी हाथ बढ़ाना’ पुस्तक का किया विमोचन
लखनऊ- उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शुक्रवार को राजभवन (जनभवन) में सुनील कुमार यादव, चीफ फार्मेसिस्ट, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ एवं बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) ट्रेनर द्वारा लिखित पुस्तक “साथी हाथ बढ़ाना – Basic Life Support (BLS): Emergency Response and Life-saving Skills” का विमोचन किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने पुस्तक की सराहना करते हुए कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर दिया गया बेसिक लाइफ सपोर्ट (BLS) किसी व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने लेखक सुनील कुमार यादव को इस जनहितकारी पुस्तक के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह पुस्तक स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों के लिए समान रूप से उपयोगी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में पुस्तक के प्रकाशक अक्षय जैन, आयुष विभाग के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवधेश द्विवेदी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. महेश नाथ सिंह, अंकुर यादव एवं रविंद्र यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनभवन की लाइब्रेरी के लिए प्रकाशक की ओर से पुस्तक की 10 प्रतियां भेंट की गईं। साथ ही राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी (OSD), एडीसी, सीएसओ तथा अन्य अधिकारियों को भी पुस्तक की प्रतियां प्रदान की गईं।
लेखक के अनुसार, “साथी हाथ बढ़ाना – Basic Life Support (BLS): Emergency Response and Life-saving Skills” का उद्देश्य बेसिक लाइफ सपोर्ट, आपातकालीन प्रतिक्रिया और जीवनरक्षक कौशल को सरल, वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक रूप में आमजन तक पहुंचाना है, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
