योगी सरकार फिर रचेगी नया इतिहास, 12 जुलाई को होगा महापौधरोपण अभियान
लखनऊ– उत्तर प्रदेश सरकार 12 जुलाई को आयोजित होने वाले पौधरोपण महाभियान-2026 के तहत एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाकर नया कीर्तिमान बनाने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अभियान को जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्कूल-कॉलेजों और विभिन्न संस्थाओं को अभियान से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। वहीं वन मंत्री भी विभिन्न विभागों के मंत्रियों और अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक कर अभियान को सफल बनाने की रणनीति तैयार करेंगे।
महाभियान के तहत वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग सबसे अधिक 15.50 करोड़ पौधे लगाएगा। इसके अलावा ग्राम्य विकास विभाग 10 करोड़, कृषि विभाग 3.25 करोड़, उद्यान विभाग 1.50 करोड़ और पंचायती राज विभाग 1.22 करोड़ पौधे लगाएंगे। गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे भी करीब 5.50 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
इस वर्ष अभियान के तहत समरस वन, समृद्धि वन, कृषि वन, ऊर्जा वन और कपि वन जैसे विशेष थीम आधारित वनों का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही मिशन छाया, अविरल धारा पौधरोपण, सहजन भंडारा और आम भंडारा जैसे विशेष कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। सार्वजनिक स्थलों और सड़क किनारे छायादार पौधों का रोपण भी किया जाएगा।
वन विभाग ने अभियान के लिए अपनी लगभग दो हजार नर्सरियों में 52.44 करोड़ पौधे तैयार किए हैं, जिन्हें विभिन्न विभागों और जनपदों को उपलब्ध कराया जाएगा।
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुनील चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पौधरोपण महाभियान-2026 को व्यापक जनसहभागिता के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। अभियान में सभी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा किसानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
