अलीगंज अग्निकांड: हादसे वाली बिल्डिंग पर चलेगा बुलडोजर, एलडीए ने चस्पा किया नोटिस
लखनऊ– अलीगंज में हुए चर्चित अग्निकांड मामले में बड़ा फैसला सामने आया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने उस बिल्डिंग के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है, जिसमें आग लगने की घटना हुई थी।
जानकारी के अनुसार, जांच में बिल्डिंग निर्माण के दौरान स्वीकृत मानचित्र के नियमों की अनदेखी पाए जाने के बाद एलडीए ने भवन स्वामी को नोटिस जारी किया है। बुधवार को एलडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर बिल्डिंग पर ध्वस्तीकरण (बुलडोजर कार्रवाई) संबंधी नोटिस चस्पा किया।
कार्रवाई के दौरान एलडीए के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्राधिकरण का कहना है कि भवन निर्माण में निर्धारित मानकों और स्वीकृत मानचित्र का पालन नहीं किया गया था, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
एलडीए द्वारा जारी नोटिस के मुताबिक, निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगामी 25 तारीख को भवन पर बुलडोजर चलाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।
गौरतलब है कि अलीगंज स्थित इसी बिल्डिंग में आग लगने की घटना हुई थी, जिसके बाद भवन की वैधता और निर्माण मानकों की जांच शुरू की गई थी।
