यूपी: मुख्यमंत्री, रक्षा मंत्री और केंद्रीय मंत्री ने किया लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का लोकार्पण
उन्नाव– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को उन्नाव जनपद में लगभग 4,850 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का भव्य लोकार्पण किया।
कार्यक्रम का आयोजन तहसील उन्नाव क्षेत्र के पड़री खुर्द, ग्राम पंचायत झाऊ खेड़ा के निकट किया गया। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर जनपद के जनप्रतिनिधियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

स्वागत करने वालों में सांसद डॉ. स्वामी सच्चिदानंद हरि साक्षी महाराज, कानपुर सांसद रमेश अवस्थी, विधायक पंकज गुप्ता (उन्नाव), विधायक अनिल सिंह (पुरवा), विधायक आशुतोष शुक्ला (भगवंतनगर), विधायक श्रीकांत कटियार (बांगरमऊ), विधायक बृजेश रावत (मोहन), विधायक बंबालाल दिवाकर (सफीपुर), विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी तथा अमितेश नंदू सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
लोकार्पण कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री, रक्षा मंत्री एवं केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री ने राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद सभी अतिथि कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां फीता काटकर लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे का औपचारिक लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे प्रदेश की यातायात व्यवस्था को नई गति प्रदान करेगा तथा लखनऊ और कानपुर के बीच आवागमन को अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध बनाएगा। परियोजना से क्षेत्रीय विकास, निवेश और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी घनश्याम मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी कृति राज, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सुशील कुमार गोंड, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश सिंह, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

