एक साथ उठीं पति-पत्नी की अर्थियां, मधवापुर गांव में मातम

0
IMG_20260723_215803

औरैया। जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र के मधवापुर गांव में एक मार्मिक घटना ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया। बीमारी से पीड़ित पत्नी की मृत्यु के सदमे में पति ने भी दम तोड़ दिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मधवापुर गांव निवासी महिला लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पत्नी के निधन से पति गहरे सदमे में थे।
परिजनों के अनुसार, अंतिम संस्कार की तैयारियों के बीच जब पति अपनी दिवंगत पत्नी की मांग में अंतिम बार सिंदूर भर रहे थे, तभी उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ गया।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।
एक ही परिवार में पति-पत्नी की एक साथ मौत की खबर से हर कोई स्तब्ध है। गांव के लोगों ने बताया कि दोनों के बीच गहरा लगाव था और पत्नी की मौत का दुख पति सहन नहीं कर सके।
बाद में दोनों की अर्थियां एक साथ उठीं, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। यह हृदयविदारक घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »