पुलिस की वर्दी हुई दागदार, वसूली मामले में दारोगा पर आरोप

0
IMG-20251215-WA0002(1)

हापुड़– जनपद हापुड़ के गजरौला क्षेत्र में वसूली के गंभीर मामले में मुख्य आरोपी दारोगा नितिन वर्मा फरार हो गया है। आरोप है कि दारोगा ने अन्य पुलिसकर्मियों और एक महिला के साथ मिलकर एक युवक को बंधक बनाकर 1 लाख 25 हजार रुपये की वसूली की। मामला सामने आने के बाद से पुलिस विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार आरोपी दारोगा 11 दिसंबर से थाने नहीं आया है और तभी से फरार चल रहा है। पीड़ित युवक का आरोप है कि उसे रेप केस में फंसाने और एनकाउंटर कराने की धमकी देकर जबरन रुपये वसूले गए। वसूली के दौरान हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की मदद लेने का भी आरोप दारोगा पर लगा है।

बताया जा रहा है कि दारोगा नितिन वर्मा वर्तमान में थाना सिंभावली में तैनात है। शिकायत सामने आने के बाद उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। वहीं आरोपी दारोगा के फरार होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

फरार दारोगा की गिरफ्तारी के लिए गजरौला पुलिस लगातार दबिश दे रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है, लेकिन अभी तक आरोपी पुलिसकर्मी का कोई सुराग नहीं लग सका है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग पुलिस की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »