महिला डॉक्टर का हिजाब हटाने का वीडियो वायरल, सीएम नीतीश पर उठे सवाल

0

पटना– बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसको लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। वायरल वीडियो में आरोप लगाया जा रहा है कि पटना में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक महिला डॉक्टर का हिजाब अपने हाथ से हटा दिया।

बताया जा रहा है कि यह घटना उस समय की है जब सीएम नीतीश कुमार मंच पर नियुक्ति पत्र सौंप रहे थे। इसी दौरान महिला डॉक्टर नुसरत परवीन जब नियुक्ति पत्र लेने पहुंचीं, तो मुख्यमंत्री ने उनके सिर से हिजाब हटाया। यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया, जिसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की जमकर आलोचना हो रही है। कई लोग इसे महिला की निजी गरिमा और धार्मिक आस्था से जुड़ा मामला बताते हुए आपत्ति जता रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि किसी भी महिला की अनुमति के बिना उसके पहनावे के साथ इस तरह का व्यवहार अनुचित है।

वहीं कुछ लोग इसे अनजाने में हुई घटना बता रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री की इस हरकत पर सवाल उठ रहे हैं। विपक्षी दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से भी इस मामले पर प्रतिक्रिया आने लगी है और मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण की मांग की जा रही है।

फिलहाल इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री कार्यालय या महिला डॉक्टर की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालांकि, सोशल मीडिया पर यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है और वीडियो को लेकर बहस तेज होती जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »