जम्मू-कश्मीर के डोडा में सेना का वाहन खाई में गिरा, 10 जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में एक दर्दनाक हादसे में सेना के 10 जवानों की शहादत हो गई। खानी टॉप के पास सेना का एक वाहन सड़क से फिसलकर लगभग 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में कई जवान गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की संयुक्त टीम ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और उन्हें उपचार के लिए उधमपुर स्थित कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “डोडा में हुई दुर्घटना से हम अत्यंत दुखी हैं, जिसमें हमने अपने बहादुर सैनिकों को खो दिया। राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को हम सदा याद रखेंगे। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।”
हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सेना और प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
