प्रयागराज माघ मेले में महाशिवरात्रि स्नान पर्व पर उमड़ा आस्था का सैलाब
प्रयागराज। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर माघ मेला में सनातन आस्था का विराट स्वरूप देखने को मिला। तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ संगम तट पर उमड़ पड़ी।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, दोपहर 4 बजे तक 36 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयघोष के साथ स्नान कर देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
त्रिवेणी संगम तट पर विशेष रूप से युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति देखने को मिली। श्रद्धालुओं की यह उमंग केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक गौरव और सनातन पुनर्जागरण का भी उद्घोष प्रतीत हुई।
प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे स्नान पर्व शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। देर शाम तक संगम क्षेत्र में श्रद्धालुओं का आवागमन जारी रहा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
