सुल्तानपुर में वायु सेना का दमदार युद्धाभ्यास, आसमान में गूंजा फाइटर जेट्स का शौर्य
Oplus_16908288
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर भारतीय वायु सेना द्वारा भव्य युद्धाभ्यास और एयर शो का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान राफेल, मिराज, सुखोई और जगुआर जैसे अत्याधुनिक लड़ाकू विमानों ने आसमान में शानदार उड़ान भरते हुए अपनी ताकत का प्रदर्शन किया।
वायु सेना के इस अभ्यास में इमरजेंसी लैंडिंग और टेकऑफ का रिहर्सल भी किया गया, जिससे किसी भी आपात स्थिति में एक्सप्रेसवे को रनवे के रूप में उपयोग करने की तैयारियों को परखा गया। यह युद्धाभ्यास देश की सुरक्षा तैयारियों और वायु सेना की क्षमता को दर्शाता है।
आज सुल्तानपुर में एयर शो दो शिफ्टों में आयोजित किया जा रहा है। पहला एयर शो दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक और दूसरा शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक होगा। इस दौरान आसमान में फाइटर जेट्स की गड़गड़ाहट और रोमांचक करतबों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे इस समय वायु सेना के अभ्यास का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जहां बड़ी संख्या में लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए पहुंचे हैं। यह आयोजन न केवल सैन्य शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि आम जनता के लिए भी एक यादगार अनुभव बन गया है।
