लखनऊ: BBAU हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग से छात्रा की मौत, जांच की मांग तेज
लखनऊ स्थित बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (BBAU) के यशोधरा गर्ल्स हॉस्टल में फूड पॉइजनिंग से ‘इंटीग्रेटेड बेसिक साइंस’ की छात्रा अनामिका की मौत हो गई। इस घटना से विश्वविद्यालय परिसर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की गंभीर लापरवाही करार दिया है। परिषद ने उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अभाविप के प्रदेश मंत्री अर्पण कुशवाहा ने कहा कि परिसर में इस प्रकार की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है। उन्होंने मांग की कि छात्रावासों में भोजन की गुणवत्ता में तत्काल सुधार किया जाए और मृत छात्रा के परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए।
वहीं, महानगर मंत्री सरिता पांडेय ने कहा कि एक विद्यार्थी किसी परिवार के सपनों का केंद्र होता है, ऐसे में इस तरह की घटना बेहद पीड़ादायक और अस्वीकार्य है। उन्होंने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।
विश्वविद्यालय इकाई अध्यक्ष अमरप्रीत कौर ने भी प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि छात्रों को मूलभूत सुविधाएं जैसे शुद्ध भोजन और पानी तक नहीं मिल पा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है।
फिलहाल, मामले को लेकर जांच की मांग तेज हो गई है और छात्र संगठनों ने चेतावनी दी है कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
