प्रयागराज में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी
प्रयागराज- शहर के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। मामले में चौथे शव की पहचान अभिषेक वैश्य के रूप में हुई है, जिसके बाद हत्याकांड और भी रहस्यमय हो गया है।
इससे पहले पुलिस को घर के भीतर तीन शव मिले थे, जिनमें एक बुजुर्ग दंपति और उनकी बेटी शामिल थे। पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी थी, तभी चौथे शव के मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया।
घटनास्थल पर दीवार और एक बोर्ड पर कुछ संदिग्ध संदेश भी लिखे मिले हैं। इनमें “बंटी-बबली” और “बहू ने मारा है” जैसे शब्द लिखे होने की बात सामने आई है। पुलिस इन संदेशों की भी गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस ने मामले को हत्या मानते हुए जांच शुरू कर दी है। हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने पांच विशेष टीमों का गठन किया है। फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियां भी साक्ष्य जुटाने में लगी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतक का बेटा अश्विनी वर्तमान में कौशांबी जेल में बंद है। बताया जा रहा है कि अश्विनी और अभिषेक की अपने पिता से अनबन रहती थी। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है।
फिलहाल पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां हत्याकांड के सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
