उपभोक्ताओं के हितों से समझौता बर्दाश्त नहीं: मनोज पांडे
लखनऊ- उत्तर प्रदेश के मंत्री Manoj Pandey ने पेट्रोलियम कंपनियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा है कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की जमाखोरी और कालाबाजारी पर चिंता जताते हुए ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अधिकारियों को पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर होने वाली अनियमितताओं तथा घटतौली के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जिलों में नियमित निरीक्षण अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
बैठक में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शनों के विस्तार की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा गैस रिफिलिंग के दौरान ई-केवाईसी और उपभोक्ता सत्यापन को अनिवार्य बनाने पर बल दिया गया।
मंत्री ने फर्जी गैस कनेक्शनों और अवैध उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण के निर्देश देते हुए सभी गैस एजेंसियों को 100 प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
