विनीत राय हत्याकांड: एक लाख का इनामी कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में ढेर
Oplus_16908288
गाजीपुर- होटल व्यवसायी आलोक राय उर्फ डब्लू के पुत्र विनीत राय हत्याकांड में वांछित और एक लाख रुपये के इनामी आरोपी कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद बुधवार देर शाम पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने बताया कि बुधवार शाम मुखबिर से सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान चली गोली स्वाट टीम प्रभारी रोहित मिश्रा को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कमलेश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसपी ने बताया कि कमलेश चौधरी विनीत राय हत्याकांड में नामजद आरोपी था और उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। घटनास्थल पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।
