सीतापुर में बनेगा 250 मेगावॉट का सोलर पावर प्लांट, रक्षा मंत्रालय ने दी मंजूरी
लखनऊ/सीतापुर- उत्तर प्रदेश में सौर ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सीतापुर जिले में रक्षा मंत्रालय की भूमि पर 250 मेगावॉट क्षमता का सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को रक्षा मंत्रालय से मंजूरी मिल गई है।
जानकारी के अनुसार, यह सौर ऊर्जा परियोजना लगभग 850 एकड़ भूमि पर विकसित की जाएगी। परियोजना के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी एनटीपीसी लिमिटेड को सौंपी गई है, जो देश की प्रमुख विद्युत उत्पादन कंपनियों में शामिल है।
प्रस्तावित सोलर पावर प्लांट के शुरू होने से प्रदेश में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, परियोजना से क्षेत्र में रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। यह परियोजना राज्य सरकार की नवीकरणीय ऊर्जा को प्रोत्साहित करने की नीति के अनुरूप महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों का मानना है कि 250 मेगावॉट क्षमता का यह सोलर प्लांट प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा और उत्तर प्रदेश को हरित ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।
