12 वर्षों में बदली भारत की तस्वीर, दुनिया ने सराहा नेतृत्व : सीएम योगी
लखनऊ- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी शक्ति, सामर्थ्य और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के विभिन्न राष्ट्राध्यक्षों ने भारत की विकास यात्रा की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को उनके लगातार तीसरे कार्यकाल और जनसमर्थन के लिए बधाई देते हुए कहा कि दूरदर्शी नेतृत्व मिलने पर परिवर्तन में अधिक समय नहीं लगता।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज हर जाति, धर्म, पंथ और मजहब का व्यक्ति भारत को बदलते हुए देख रहा है। उन्होंने कहा कि नया भारत बिना रुके, बिना थके और बिना डिगे निरंतर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनधन खाते, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। उनके अनुसार, देश में 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं का सबसे अधिक लाभ उत्तर प्रदेश को मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 65 लाख गरीब परिवारों को आवास, करोड़ों परिवारों को शौचालय, 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन तथा बड़ी संख्या में आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। आज सेना, अंतरिक्ष, उद्योग और अन्य क्षेत्रों में महिलाओं को समान अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्कूलों में ड्रॉपआउट दर कम करने और बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्व में कुछ राजनीतिक दलों ने समाज को जाति, धर्म और भाषा के आधार पर बांटने का प्रयास किया, जबकि वर्तमान सरकार बिना किसी भेदभाव के गरीबों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल वोट बैंक की राजनीति नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि भारत आने वाले वर्षों में और अधिक सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ेगा।
