यूपी में बनेंगे तीन नए एक्सप्रेसवे, पूर्व से पश्चिम तक मजबूत होगी कनेक्टिविटी
लखनऊ- उत्तर प्रदेश सरकार विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में तीन नए एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर निर्माण कार्य शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे, विंध्य एक्सप्रेसवे और विंध्य-पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया तेज कर दी गई है।
सरकार का दावा है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच सड़क संपर्क और अधिक सुदृढ़ होगा। साथ ही प्रदेश के कई जिलों को बेहतर एवं तेज यातायात सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रस्तावित मेरठ-हरिद्वार एक्सप्रेसवे और विंध्य एक्सप्रेसवे को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ने की योजना है। इससे प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के बीच आवागमन सुगम होगा और एक्सप्रेसवे नेटवर्क का विस्तार होगा।
सरकार के अनुसार, नई परियोजनाओं से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा धार्मिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा निवेश आकर्षित होने और रोजगार के नए अवसर सृजित होने की भी उम्मीद है।
इन एक्सप्रेसवे परियोजनाओं के पूरा होने के बाद उत्तर प्रदेश का सड़क नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा तथा प्रदेश का बड़ा भूभाग आधुनिक एक्सप्रेसवे कनेक्टिविटी से जुड़ जाएगा।
