वाराणसी में दिखी 2027 चुनाव की आहट, सीएम योगी के समर्थन में लगे सियासी पोस्टर

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

वाराणसी- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट अब राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सड़कों पर भी दिखाई देने लगी है। धर्मनगरी काशी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में बड़े-बड़े राजनीतिक होर्डिंग और पोस्टर लगाए गए हैं, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों में “3 बार चाय वाले, 27 में गाय वाले” जैसे स्लोगन लिखे गए हैं। बताया जा रहा है कि ये होर्डिंग भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए हैं। शहर के करीब एक दर्जन स्थानों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में इस तरह के पोस्टर लगाए गए हैं।
पोस्टरों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक प्रतीकों के साथ दर्शाया गया है। उनके चार हाथ दिखाए गए हैं, जिनमें तलवार, गदा, श्रीमद्भगवद्गीता और रामचरितमानस को प्रदर्शित किया गया है। वहीं पोस्टर में एक बुलडोजर को भी प्रमुखता से स्थान दिया गया है, जो प्रदेश सरकार की कानून-व्यवस्था और अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की पहचान के रूप में देखा जाता है।
काशी में लगे इन पोस्टरों ने राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया है। हालांकि, आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से अभी औपचारिक अभियान शुरू नहीं हुआ है, लेकिन इस तरह के पोस्टर चुनावी तैयारियों और सियासी संदेशों की शुरुआती झलक माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »