अमेठी में स्कूली बस का भीषण हादसा, दूध टैंकर से टक्कर के बाद घर में घुसी, कई बच्चे घायल
अमेठी। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक निजी स्कूल बस की दूध टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक घर में जा घुसी।
हादसा अयोध्या मार्ग पर रानीगंज थौरी गांव के पास करीब 11 बजे हुआ। बस में सवार 25 स्कूली बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए जगदीशपुर CHC और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। CMO अंशुमान सिंह के मुताबिक, 13 बच्चों का इलाज केपी त्रिपाठी मेमोरियल अस्पताल में चल रहा है, जबकि अन्य बच्चों का इलाज CHC में किया जा रहा है।
राहत की बात यह है कि सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
हादसे के दौरान बस का क्लीनर वाहन में फंस गया। उसे बाहर निकालने के लिए पुलिस और रेस्क्यू टीम लगातार प्रयास कर रही है। मौके पर SDM मुसाफिरखाना, CO तिलोई समेत प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
बताया गया कि छुट्टी के बावजूद आरपीएस स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
