प्रयागराज: माघ मेला 2026 का भव्य शुभारंभ, पहले स्नान पर्व पर संगम तट पर उमड़ा जनसैलाब
44 दिनों तक चलेगा माघ मेला, 12 से 15 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना
प्रयागराज में माघ मेला 2026 का शुभारंभ पहले स्नान पर्व के साथ हो गया है। कड़ाके की ठंड के बावजूद संगम तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा चुके हैं।
प्रयागराज में आयोजित माघ मेला इस वर्ष 44 दिनों तक चलेगा। प्रशासन के अनुसार माघ मेला क्षेत्र लगभग 800 हेक्टेयर में फैला हुआ है। मेले के दौरान देश-विदेश से करीब 12 से 15 करोड़ श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
प्रशासन के अनुसार पहले स्नान पर्व पर 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान है। पूर्णिमा तिथि की शुरुआत सुबह 4 बजे से हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं का आगमन तेज हो गया।
इस वर्ष माघ मेले में 75 वर्षों बाद एक दुर्लभ शुभ संयोग बन रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कल्पवास का संकल्प लेकर माघ मेले की शुरुआत कर रहे हैं।
अनुमान है कि 20 से 25 लाख कल्पवासी एक माह तक संगम तट पर प्रवास करेंगे और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेंगे।
