लखनऊ: यूपी में रजिस्ट्री प्रक्रिया हुई पूरी तरह पारदर्शी, ऑनलाइन भुगतान का नया आदेश जारी
उत्तर प्रदेश में रजिस्ट्री व्यवस्था को पारदर्शी और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब ₹20,000 से अधिक की रजिस्ट्री फीस का भुगतान अनिवार्य रूप से ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। यह नया आदेश 12 जनवरी 2026 से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो गया है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठकों और शासन स्तर से प्राप्त निर्देशों के क्रम में यह फैसला लिया गया है। इससे पहले यह व्यवस्था प्रदेश के कुछ जनपदों में लागू थी, लेकिन अब इसे उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में लागू कर दिया गया है।
इस निर्णय का उद्देश्य रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना, नकद लेन-देन पर प्रभावी रोक लगाना और डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती प्रदान करना है। शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी उप निबंधक कार्यालयों में ऑनलाइन भुगतान की सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सरकार का मानना है कि इस कदम से रजिस्ट्री प्रक्रिया में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और नागरिकों को सुरक्षित, सरल व भरोसेमंद सेवा उपलब्ध हो सकेगी।
