लखनऊ: “अल्पसंख्यक स्नेह संवाद कार्यक्रम” में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक का बड़ा बयान
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आयोजित “अल्पसंख्यक स्नेह संवाद कार्यक्रम” के दौरान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस ने मुस्लिम समाज को बिरयानी के तेजपत्ते की तरह इस्तेमाल किया, पहले स्वाद लिया और फिर प्लेट से बाहर फेंक दिया।
उपमुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि इन दलों ने न तो मुस्लिम समाज को सम्मान दिया और न ही उन्हें उनका वाजिब दर्जा दिलाया। उन्होंने कहा कि वर्षों तक केवल वोट बैंक की राजनीति की गई और अल्पसंख्यकों के हितों की अनदेखी की गई।
ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को जमीन पर उतारने का काम किया है। आज देश और प्रदेश में विकास योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव सभी वर्गों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार में अल्पसंख्यक समुदाय के हक-हुकूक पूरी तरह सुरक्षित हैं और सरकार समाज के हर वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग मौजूद रहे।
