रायबरेली की बेटी अनन्या त्रिवेदी ने PCS-2024 में हासिल किया दूसरा स्थान
उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की रहने वाली अनन्या त्रिवेदी ने PCS-2024 के फाइनल रिजल्ट में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। साधारण परिवार से निकलकर अनन्या ने अपनी मेहनत और लगन से सफलता का नया इतिहास रचा है।
अनन्या के पिता सुशील त्रिवेदी एक जनरल स्टोर चलाते हैं, जबकि उनकी मां रेखा रानी शिक्षिका हैं। अनन्या ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां के त्याग और पूरे परिवार के सहयोग को दिया है। साथ ही उन्होंने अपने मामा राजेश पांडेय (एडिशनल एसपी) के मार्गदर्शन को भी अहम बताया।
शिक्षा की बात करें तो अनन्या ने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातक किया है। इसके बाद इग्नू से परास्नातक करने के साथ ही NET भी क्वालीफाई किया।
अनन्या रोज करीब 6 घंटे पढ़ाई करती थीं और संतुलित रणनीति के साथ तैयारी की, जिसका परिणाम आज सामने है। अब उनका लक्ष्य संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा पास कर देश स्तर पर बड़ा मुकाम हासिल करना है।
अनन्या रायबरेली शहर के आनंद नगर मोहल्ले की निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
