IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने दिया इस्तीफा, पोस्टिंग न मिलने का लगाया आरोप
Oplus_16908288
लखनऊ- उत्तर प्रदेश कैडर के 2022 बैच के IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उन्हें लंबे समय से न तो कोई नियमित पोस्टिंग दी गई और न ही कोई जिम्मेदारी सौंपी गई, जिसके चलते वे स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे थे।
रिंकू सिंह राही वर्तमान में उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद से संबद्ध थे। अपने विस्तृत इस्तीफे में उन्होंने कहा कि उन्हें काम करने का अवसर नहीं दिया जा रहा था और “संवैधानिक व्यवस्था के समानांतर एक अलग सिस्टम” चल रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें वेतन तो मिल रहा था, लेकिन जनसेवा का कोई अवसर नहीं मिल पा रहा था, जिसके चलते उन्होंने इसे एक नैतिक निर्णय बताते हुए इस्तीफा दिया।
बताया जाता है कि शाहजहांपुर में एसडीएम पद पर रहते हुए की गई कार्रवाई के बाद उन्हें साइडलाइन कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी नहीं दी गई।
गौरतलब है कि वर्ष 2009 में एक घोटाले का खुलासा करने के दौरान रिंकू सिंह राही पर हमला हुआ था, जिसमें उन्हें सात गोलियां लगी थीं, लेकिन वे जीवित बच गए थे। इसके अलावा, शाहजहांपुर में वकीलों के एक प्रदर्शन के दौरान उनका उठक-बैठक करते हुए वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद सरकार ने उन्हें अटैच कर दिया था। तब से उन्हें नई पोस्टिंग नहीं मिली थी।
लगातार उपेक्षा से आहत होकर अंततः उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
