असमय बारिश पर सख्त हुए मुख्यमंत्री, किसानों को हर हाल में दिलाएं राहत

0
PTI03-24-2025-000122A-0_1742824211282_1754836190808

लखनऊ, 4 अप्रैल: योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कई जिलों में हो रही असमय बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों से तत्काल रिपोर्ट मांगी और निर्देश दिया कि आपदा का असर किसानों पर न्यूनतम रखा जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहानि, पशुहानि, घायलों व आपदा से प्रभावित लोगों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाना सुनिश्चित किया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश देते हुए कहा कि बारिश से खराब हुई फसलों का तत्काल आकलन कराया जाए। राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनियों को संयुक्त सर्वे कर जल्द से जल्द रिपोर्ट शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर परिस्थिति में किसानों के साथ खड़ी है। लगातार हो रही बारिश से फसलों को जो नुकसान हुआ है, उसका भी शीघ्र आकलन कर मुआवजा दिलाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसी भी किसान को परेशानी न हो।
सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में वास्तविक नुकसान का आकलन करें। साथ ही प्रमुख सचिव (कृषि) व राहत आयुक्त को निर्देश दिए गए हैं कि वे फील्ड अधिकारियों से सीधा संपर्क बनाए रखें और समन्वय के साथ राहत कार्य सुनिश्चित करें।
किसानों के लिए महत्वपूर्ण सूचना:
किसान अपनी फसल के नुकसान की जानकारी स्वयं भी प्रशासन को दें। जिन किसानों ने फसल बीमा कराया है और उनकी फसल को नुकसान हुआ है, वे 72 घंटे के भीतर टोल-फ्री नंबर 14447 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कटकर खलिहान में रखी फसल भी 14 दिनों तक बीमा के अंतर्गत कवर रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »