हथकरघा विभाग की समीक्षा में CM योगी ने दिए अहम निर्देश, बुनकरों की आय बढ़ाने पर जोर
उत्तर प्रदेश- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हथकरघा विभाग की समीक्षा बैठक में बुनकरों की आय, सम्मान और स्थायित्व सुनिश्चित करने को सरकार की प्राथमिकता बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुनकरों के समग्र विकास के लिए ठोस और प्रभावी योजनाएं तैयार की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्लस्टर आधारित विकास मॉडल को अपनाकर बुनकरों को बाजार, आधुनिक डिजाइन और नई तकनीक से जोड़ा जाए, जिससे उनके उत्पादों की गुणवत्ता और मांग दोनों में वृद्धि हो सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि हथकरघा क्षेत्र को केवल उत्पादन तक सीमित न रखते हुए वैल्यू चेन मॉडल पर विकसित किया जाए, ताकि बुनकरों को उत्पादन से लेकर विपणन तक पूरा लाभ मिल सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रभावी ब्रांडिंग के माध्यम से बुनकरों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने पर बल दिया, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम हो और बुनकरों की आय में वृद्धि हो सके।
पावरलूम बुनकरों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने उनके विद्युत बिल में कमी लाने के लिए बेहतर प्रयास करने और एक व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।
