एमओबीसी-256 कोर्स समापन परेड लखनऊ में आयोजित, 123 अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण
लखनऊ– पत्र सूचना कार्यालय (रक्षा शाखा), भारत सरकार के अनुसार मेडिकल ऑफिसर्स बेसिक कोर्स (एमओबीसी)-256 के सफल समापन पर ऑफिसर्स ट्रेनिंग कॉलेज (ओटीसी), आर्मी मेडिकल कोर सेंटर एवं कॉलेज, लखनऊ में 09 अप्रैल 2026 को भव्य कोर्स समापन परेड आयोजित की गई।
नौ सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आर्म्ड फोर्सेज के मेडिकल और डेंटल अधिकारियों को इंटेंसिव कॉम्बैट मेडिकल सपोर्ट की ट्रेनिंग दी गई, ताकि वे अपने कर्तव्यों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें। इस दौरान अधिकारियों ने ट्रॉमा लाइफ सपोर्ट (एटीएलएस) प्रोवाइडर कोर्स में भी भाग लिया और आधुनिक युद्ध में उपयोग हो रही नवीनतम तकनीकों की जानकारी हासिल की।
इस पाठ्यक्रम में त्रिसेवा प्रतिनिधित्व के साथ कुल 123 अधिकारी शामिल हुए, जिनमें 38 महिला अधिकारी भी शामिल रहीं। परेड का आयोजन सैन्य परंपराओं के अनुरूप किया गया, जिसकी समीक्षा सेना चिकित्सा कोर केंद्र एवं कॉलेज के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल शिवेंद्र सिंह, एवीएसएम ने की।
कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 159 इन्फैंट्री बटालियन (प्रादेशिक सेना) के कैप्टन साहिल तंवर को सर्वश्रेष्ठ सर्वांगीण अधिकारी घोषित कर कमांडेंट रोलिंग ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इसके अलावा फील्ड स्पर्धाओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए उन्हें मेजर लैशराम ज्योतिन सिंह अशोक चक्र मेमोरियल ट्रॉफी भी प्रदान की गई।
अपने संबोधन में समीक्षा अधिकारी ने अधिकारियों की शानदार परेड और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें उच्च स्तर की पेशेवर दक्षता बनाए रखने तथा सशस्त्र बल चिकित्सा सेवाओं की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान को निरंतर अद्यतन करने और युद्ध एवं शांतिकाल दोनों में सैनिकों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा देने के लिए प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर 200 से अधिक अभिभावक एवं परिजनों के साथ बड़ी संख्या में सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा के अधिकारी उपस्थित रहे।
