गाजियाबाद बनेगा इंटीग्रेटेड अर्बन हब: 2200 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट से बदलेगी पहचान

0
w-1280,h-720,imgid-01knvn4n479ryq7p42cbk6yydx,imgname-ghaziabad-up-urban-development-1775823377543

लखनऊ, 10 अप्रैल। उत्तर प्रदेश का प्रवेश द्वार गाजियाबाद अब बड़े बदलाव की ओर बढ़ रहा है। करीब 2200 करोड़ रुपये की लागत से यहां इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम और एरोसिटी प्रोजेक्ट विकसित किया जाएगा, जिससे यह शहर स्पोर्ट्स, टूरिज्म और आधुनिक शहरी विकास का बड़ा केंद्र बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन पर आधारित इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास जल्द होने की संभावना है। इससे न केवल गाजियाबाद की पहचान बदलेगी, बल्कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पहली बार अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलेगी।
417 एकड़ में विकसित होगा आधुनिक अर्बन हब
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के अनुसार, राजनगर एक्सटेंशन (मोर्टी क्षेत्र) में इस परियोजना के तहत 37 एकड़ में करीब 400 करोड़ रुपये की लागत से अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। वहीं इसके आसपास 380 एकड़ में लगभग 1800 करोड़ रुपये की लागत से एरोसिटी टाउनशिप विकसित की जाएगी।
यह पूरा प्रोजेक्ट एक इंटीग्रेटेड अर्बन मॉडल होगा, जिसमें खेल, व्यापार, पर्यटन और आधुनिक जीवनशैली का समेकित विकास किया जाएगा।
30 हजार दर्शकों की क्षमता वाला होगा स्टेडियम
प्रस्तावित स्टेडियम में 30,000 से अधिक दर्शकों की क्षमता होगी। इसके अलावा आधुनिक मीडिया सेंटर, हाईटेक लाइटिंग सिस्टम और अंतरराष्ट्रीय स्तर की अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। इसके निर्माण से पश्चिमी उत्तर प्रदेश पहली बार बड़े अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की मेजबानी कर सकेगा।
एरोसिटी बनेगी आकर्षण का केंद्र
स्टेडियम के चारों ओर विकसित होने वाली एरोसिटी में बड़े होटल, लक्जरी रिजॉर्ट, आधुनिक शॉपिंग मॉल, रिटेल जोन, हाईटेक बिजनेस हब, ऑफिस स्पेस और एंटरटेनमेंट सेंटर बनाए जाएंगे। एयरपोर्ट के नजदीक होने के कारण यह क्षेत्र देश-विदेश के पर्यटकों और निवेशकों के लिए खास आकर्षण बनेगा।
इसके अलावा परियोजना में अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर, स्पोर्ट्स एकेडमी, स्मार्ट रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स और ग्रीन स्पेस जैसी सुविधाएं भी शामिल होंगी, जिससे यह क्षेत्र रहने, काम करने और मनोरंजन के लिए एक संपूर्ण डेस्टिनेशन बनेगा।
रोजगार और निवेश को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
इस मेगा प्रोजेक्ट के पूरा होने से होटल, रिटेल और सर्विस सेक्टर में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। साथ ही निवेश में वृद्धि होगी और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह परियोजना न केवल गाजियाबाद बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास की दिशा और गति तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »