लखनऊ: स्मार्ट मीटर शिकायतों पर सीएम योगी सख्त, जांच के निर्देश
लखनऊ में स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ती शिकायतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि शिकायतों की जांच के लिए विशेषज्ञ समिति का गठन किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि बिना किसी गलती के किसी भी उपभोक्ता का बिजली कनेक्शन न काटा जाए। उन्होंने ऊर्जा मंत्री और पावर कॉर्पोरेशन के एमडी को फील्ड में उतरकर उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने कहा कि सभी शिकायतों का समुचित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि प्रदेश में निर्बाध और पारदर्शी बिजली आपूर्ति सरकार की प्राथमिकता है।
इसके साथ ही उन्होंने कृषि फीडरों के पृथक्करण का कार्य समय से पूरा कराने और गर्मी के मौसम में बढ़ने वाली पीक डिमांड को ध्यान में रखते हुए पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि न्यूनतम 5 आवास वाले मजरों में भी विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पीएम कुसुम योजना से अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी कि ऐसी कोई कार्रवाई न की जाए जिससे आम आदमी को परेशानी हो। ओवरबिलिंग की शिकायतों की गहन जांच के निर्देश देते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईमानदार उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
