लोकसभा में तीन अहम बिल पेश, चर्चा के बाद 17 अप्रैल को होगा मतदान
नई दिल्ली। लोकसभा में आज तीन महत्वपूर्ण विधेयक—महिला आरक्षण बिल, परिसीमन से जुड़ा बिल और केंद्र शासित प्रदेशों से संबंधित बिल—पेश किए गए।
बिल पेश करने को लेकर हुई वोटिंग में 207 सदस्यों ने पक्ष में मतदान किया, जबकि 126 सदस्यों ने विरोध किया। इसके बाद तीनों विधेयकों को चर्चा के लिए मंजूरी दे दी गई है। अब सदन में इन पर विस्तार से चर्चा होगी।
इसके अलावा संविधान संशोधन विधेयक 2026 को भी सदन में पेश किया गया। इस प्रस्ताव पर हुई वोटिंग में 251 सांसदों ने समर्थन किया, जबकि 185 ने विरोध में मतदान किया।
संसद में इन सभी विधेयकों पर चर्चा के लिए 12 घंटे का समय निर्धारित किया गया है, जिसे जरूरत पड़ने पर 18 घंटे तक बढ़ाया जा सकता है। फिलहाल, सदन की कार्यवाही देर रात तक जारी रहेगी।
बताया गया है कि तीनों प्रमुख विधेयकों पर अंतिम मतदान 17 अप्रैल को शाम 4 बजे किया जाएगा, जिसके बाद इन पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।
