गौशालाओं में मानकों के अनुरूप ही हो पशु आहार की खरीद, मुख्य सचिव के सख्त निर्देश

0
65db62cf4811b-animal-husbandry-255454197-16x9

लखनऊ- मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने सभी मंडलायुक्तों और जिलाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समीक्षा बैठक कर कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गौशालाओं में पशु आहार केवल एफएसएसएआई और बीआईएस मानकों के अनुरूप ही खरीदा जाए तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

बैठक में मुख्य सचिव ने सब्सिडी वाले उर्वरकों के उपयोग को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उर्वरकों का उपयोग केवल कृषि कार्यों के लिए ही सुनिश्चित किया जाए। मुख्य विकास अधिकारियों को उर्वरक की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण की दैनिक समीक्षा तथा जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और डायवर्जन पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए अंतर्राज्यीय और अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

गर्मी के मौसम को देखते हुए मुख्य सचिव ने हीटवेव से बचाव के लिए व्यापक तैयारी करने को कहा। उन्होंने तापमान के आधार पर येलो (41.1–43°C), ऑरेंज (43.1–44.9°C) और रेड (45°C से अधिक) अलर्ट की जानकारी देते हुए संबंधित एडवाइजरी का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल, शेड और कूलिंग प्वाइंट की व्यवस्था, अस्पतालों में ओआरएस किट व आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा विद्युत सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही ‘क्या करें और क्या न करें’ के बारे में जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।

गौ-आश्रय स्थलों में स्वच्छ पेयजल, छाया, कूलर और पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही पशु-पक्षियों के लिए जल उपलब्धता बनाए रखने हेतु तालाबों और पोखरों को भरवाने के निर्देश दिए गए।

मुख्य सचिव ने बताया कि अनुमानित 131.40 लाख कुंतल भूसे की आवश्यकता के सापेक्ष अब तक 43.9 प्रतिशत संग्रहण हो चुका है। उन्होंने जिलाधिकारियों को 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए ग्राम प्रधानों के सहयोग से भूसा संग्रह बढ़ाने को कहा।

साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि पशु आहार की पैकेजिंग पर बैच नंबर, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि स्पष्ट रूप से अंकित हो तथा उसे सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखा जाए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की गौशालाओं की नियमित समीक्षा कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में अपर मुख्य सचिव पशुधन मुकेश कुमार मेश्राम, प्रमुख सचिव कृषि रवीन्द्र, प्रमुख सचिव वन वी. हेकाली झिमोमी, प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद रणवीर प्रसाद, प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »