अयोध्या चंदा प्रकरण: SIT जांच की समय-सीमा बढ़ी, अब 15 जुलाई तक सौंपेगी रिपोर्ट
PM at Shri Ram Janmbhoomi Mandir Dhwajarohan Utsav, in Ayodhya, Uttar Pradesh on November 25, 2025.
लखनऊ। अयोध्या तीर्थ क्षेत्र में कथित चंदा (दान) वसूली प्रकरण की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को अपनी अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए 15 जुलाई तक का समय दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टीम के अनुरोध पर जांच की समय-सीमा बढ़ाने की मंजूरी दी है।
बताया गया है कि SIT ने मामले के विभिन्न पहलुओं की गहन जांच के लिए अतिरिक्त समय की मांग की थी। मुख्यमंत्री ने इस अनुरोध को स्वीकार करते हुए टीम को 15 जुलाई तक विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने SIT के गठन के समय स्पष्ट किया था कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और मामले के प्रत्येक पहलू की गहराई से पड़ताल की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी कहा था कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
इससे पहले 23 जून को SIT के प्रमुख सदस्य एवं लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने गृह विभाग को अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें कई कड़ी कार्रवाई की सिफारिशें की गई थीं।
प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को श्रीराम जन्मभूमि थाना में ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की तहरीर पर पहली एफआईआर दर्ज की गई। इस एफआईआर में आठ नामजद आरोपियों के अलावा कुछ अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया। पुलिस अब तक सभी आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जांच एजेंसियां मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। अंतिम रिपोर्ट 15 जुलाई तक शासन को सौंपे जाने की संभावना है।
