यूपी में अगले 5 दिन मौसम रहेगा खराब, आंधी, भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी
लखनऊ– उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय होने के साथ ही मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश जिलों के लिए अगले पांच दिनों तक आंधी, बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अलर्ट के बाद राहत आयुक्त कार्यालय ने भी सभी जिलों को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आज रात 8:30 बजे से कल सुबह 8:30 बजे तक कई जिलों में तेज आंधी, भारी बारिश और बिजली गिरने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश की चेतावनी बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिलों के लिए जारी की गई है।
इसके अलावा कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, कन्नौज, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन समेत अनेक जिलों में तेज बारिश के साथ मेघगर्जन की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लखनऊ, अयोध्या, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बलिया, आजमगढ़, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, गाजियाबाद, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, शाहजहांपुर सहित कई जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका भी जताई है।
राहत आयुक्त कार्यालय ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाएं सक्रिय रखें, जलभराव और अन्य संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें तथा आमजन को समय-समय पर मौसम संबंधी चेतावनियों से अवगत कराते रहें।
