देवनंदिनी अस्पताल में एसी ब्लास्ट से लगी आग, 50 से ज्यादा लोगों की बचाई गई जान
Oplus_16908288
हापुड़। गढ़ रोड स्थित देवनंदिनी अस्पताल में सोमवार तड़के करीब 1:56 बजे प्रथम तल पर लगे एयर कंडीशनर (एसी) में अचानक ब्लास्ट होने से आग लग गई। देखते ही देखते अस्पताल परिसर में घना काला धुआं फैल गया, जिससे मरीजों, नवजात शिशुओं और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। सूचना मिलने के मात्र एक मिनट बाद, रात 1:57 बजे फायर ब्रिगेड की टीमें मौके के लिए रवाना हो गईं। आग बुझाने और बचाव कार्य के लिए कुल पांच फायर टेंडरों को लगाया गया।
दमकलकर्मियों ने ब्रीदिंग अपरेटस (बीए) सेट पहनकर घने धुएं के बीच अस्पताल में प्रवेश किया और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान तीन नवजात शिशुओं, 32 मरीजों तथा ऊपरी मंजिल पर मौजूद लगभग 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कई मरीजों को गोद में उठाकर तथा स्ट्रेचर की सहायता से बाहर लाया गया।
दमकल विभाग, पुलिस और अस्पताल प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण एसी में ब्लास्ट होना बताया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। समय पर की गई कार्रवाई और सफल रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए दमकल एवं पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।
