काशी से लौट रहे कारोबारी को बदमाशों ने मारी गोली, मौके पर मचा हड़कंप
Oplus_16908288
फर्रुखाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद निवासी प्रॉपर्टी डीलर अरुण हुड्डा की बीती रात फर्रुखाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने वारदात को उनकी पत्नी और बच्चे के सामने अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, अरुण हुड्डा वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कर अपने परिवार के साथ घर लौट रहे थे। वह गंगा एक्सप्रेसवे के रास्ते आगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फर्रुखाबाद के कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित पंचाल घाट इलाके में इटावा-बरेली हाईवे पर गंगा ढाबा के पास एक किराना स्टोर पर बच्चे के लिए सामान और कोल्ड ड्रिंक खरीदने के लिए रुके।
बताया जा रहा है कि रात करीब 8:35 बजे बिना नंबर प्लेट वाली सफेद कार वहां पहुंची। कार से उतरे दो हमलावरों में से एक ने अपना चेहरा ढका हुआ था। दोनों ने अरुण हुड्डा पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने उनके सिर में दो गोलियां मारीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी इटावा की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अरुण हुड्डा को डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच-पड़ताल की। आरोपियों की तलाश में जिले की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान के लिए जांच में जुटी हुई है।
