हापुड़: आमने-सामने की टक्कर में तीन की मौत, वाहनों के उड़े परखच्चे
Oplus_16908288
हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। यह हादसा गढ़ कोतवाली क्षेत्र में उस समय हुआ, जब हाईवे पर अचानक पशु आ जाने के कारण दो वाहन आपस में भिड़ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही गढ़ कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हादसे के कारण दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।
