लखनऊ में पूर्व मंत्री नानकदीन भुर्जी की मौत, जांच में जुटी पुलिस

0
IMG-20260728-WA0007

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के हजरतगंज इलाके में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां मदेयगंज के खदरा निवासी दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री नानकदीन भुरजी (55) ने नए विधायक आवास की सातवीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नानकदीन भुरजी काफी समय से डिप्रेशन में चल रहे थे। पुलिस ने विधायक आवास में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें वह बालकनी से नीचे कूदते हुए दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, नानकदीन मूल रूप से बाराबंकी के बेहटा क्षेत्र के रहने वाले थे और वर्तमान में भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ में पदाधिकारी थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने सहयोगी लालन गुप्ता के साथ नए विधायक आवास पहुंचे थे। वह विधायक हंसू राम के फ्लैट संख्या 703 में गए थे, जहां विधायक के प्रतिनिधि आरिफ भी मौजूद थे।
लालन गुप्ता के अनुसार, नानकदीन ने उन्हें जाने के लिए कहा था और दोपहर करीब तीन बजे दोबारा बुलाने की बात कही थी। पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब दो बजे नानकदीन ने आरिफ से कॉफी बनाने के लिए कहा। आरिफ जब किचन में कॉफी बना रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर आरिफ बालकनी की ओर पहुंचे तो नानकदीन सड़क पर गिरे हुए मिले। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हजरतगंज पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पद को लेकर परेशान थे नानकदीन: भाई
सिविल अस्पताल पहुंचे नानकदीन के बड़े भाई प्रवीण गुप्ता ने बताया कि नानकदीन के परिवार में पत्नी मंजू, दो बेटे उत्तम और पुरुषोत्तम तथा एक बेटी है। उन्होंने बताया कि उनका भाई पार्टी में पद को लेकर काफी परेशान रहता था।
वहीं, नानकदीन के ससुर भोलानाथ ने बताया कि उन्होंने कई बार दामाद से किसी परेशानी के बारे में पूछा था, लेकिन उन्होंने कभी कोई बात साझा नहीं की। दूसरी ओर, उनके एक परिचित ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की गहन जांच की मांग की है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »