15 आईपीएस तबादलों के बीच तरुण गाबा को मिली लखनऊ पुलिस की जिम्मेदारी
लखनऊ। वर्ष 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। पदभार संभालने के बाद आयोजित अपनी पहली प्रेस वार्ता में उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
तरुण गाबा की नियुक्ति प्रदेश सरकार द्वारा किए गए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के क्रम में की गई है। उन्हें लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर ने कहा कि राजधानी में अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष रणनीति के तहत कार्य किया जाएगा। उन्होंने पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी जोर दिया।
गौरतलब है कि लखनऊ के पूर्व पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सेंगर का पदोन्नति के बाद तबादला कर उन्हें पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) नियुक्त किया गया है।
तरुण गाबा के पदभार ग्रहण करने के साथ ही राजधानी की पुलिस व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
