दक्षिणेश्वर स्टेशन पर हाई-वोल्टेज तार टूटा, चिंगारी और धुएं से मची अफरा-तफरी

0
Oplus_16908288

Oplus_16908288

चिंगारी और धुएं से यात्रियों में दहशत, त्वरित मरम्मत के बाद सेवाएं बहाल

कोलकाता- दक्षिणेश्वर रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) तार टूटने और शॉर्ट सर्किट होने से अचानक तेज चिंगारी और धुआं उठने लगा, जिससे स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन पर लगा 11,000 वोल्ट का हाई-वोल्टेज ओवरहेड इलेक्ट्रिक तार अचानक टूट गया। इसके बाद तेज धमाके जैसी आवाज के साथ चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं फैल गया, जिससे यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर अप और डाउन दोनों लाइनों पर रेल यातायात को कुछ समय के लिए रोक दिया गया। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया।
रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त तार की मरम्मत शुरू की और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद रेल सेवाओं को फिर से बहाल कर दिया गया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़ी दुर्घटना को टाल लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »