90 घंटे बाद मिली चारु की लाश, बुलंदशहर में खत्म हुई इंतजार की दर्दनाक कहानी
बुलंदशहर। बुलंदशहर में 11 वर्षीय चारु कश्यप का शव शनिवार सुबह चावली गांव के पास काली नदी से बरामद हुआ। चारु 28 जुलाई को स्कूल से घर लौटते समय भूतेश्वर मंदिर के पास बारिश के कारण खुले नाले में बह गई थी।
घटना के बाद पुलिस, नगर पालिका, SDRF, NDRF और गोताखोरों की टीमों ने लगातार 90 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। कई किलोमीटर क्षेत्र में तलाश के बाद शनिवार को उसका शव मिला।
शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। चार दिन तक बेटी के लौटने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों का इंतजार दर्दनाक अंत के साथ खत्म हो गया।
पोस्टमार्टम के बाद चारु का अंतिम संस्कार देवीपुरा काली श्मशान घाट पर किया गया। अंतिम यात्रा में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लेकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
