तेज रफ्तार बस ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, 7 बच्चे गंभीर घायल
Oplus_16908288
जौनपुर: मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुजानगंज मार्ग पर उकनी गांव के पास गुरुवार सुबह तेज रफ्तार निजी बस ने स्कूल वैन को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वैन सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के समय वैन में करीब 9 बच्चे सवार थे। वैन पलटते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में 7 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य बच्चों को भी चोटें आई हैं।
आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को वैन से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची मुंगराबादशाहपुर थाना पुलिस ने राहत कार्य में मदद की। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी सुजानगंज भेजा गया।
बताया जा रहा है कि स्कूल वैन मुंगराबादशाहपुर से सुजानगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस के चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में वैन को टक्कर मार दी।
घायल बच्चों में आदित्य यादव, सिद्धार्थ यादव, प्रभाष यादव, अनिरुद्ध यादव, आर्यन यादव, आकाश तिवारी और शिवम तिवारी शामिल हैं।
