चित्रकूट जाने वाले यात्रियों को राहत, इंटरसिटी ट्रेन में बढ़े कोच
14123/14124 कानपुर–प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस अब प्रतापगढ़ -चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस के रूप में 24 कोच के साथ चलेगी।
चित्रकूट धाम जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने बड़ी राहत दी है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और कानपुर-प्रतापगढ़ रेलखंड पर बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने दो ट्रेनों का विलय कर चित्रकूट इंटरसिटी को 24 कोच के साथ चलाने का फैसला किया है।
पहले यह ट्रेन 12 कोच के साथ चलती थी, लेकिन अब कोचों की संख्या बढ़ाकर 24 कर दी गई है। इससे ट्रेन में यात्रियों की क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी और सीटों की उपलब्धता बढ़ने से भीड़ से राहत मिलने की उम्मीद है।
रेलवे ने 14109/14110 चित्रकूटधाम कर्वी–कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस और 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़–कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस का विलय किया है। इसके बाद 14123/14124 मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़–चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस के रूप में ट्रेन संचालित होगी।
ट्रेन नंबर 14123 प्रतापगढ़–चित्रकूटधाम कर्वी एक्सप्रेस 8 सितंबर से प्रतापगढ़ से सुबह 4:25 बजे प्रस्थान कर, 3:00 बजे दोपहर चित्रकूट पहुंचेगी।
वहीं 14124 चित्रकूटधाम कर्वी–मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ एक्सप्रेस 7 सितंबर से दोपहर 1:00 बजे चित्रकूटधाम से प्रस्थान कर, रात 11:35 बजे प्रतापगढ़ पहुंचेगी।
