इंदौर: चलती कार बनी आग का गोला, अंदर फंसे चालक को पुलिस ने कांच तोड़कर बचाया
Oplus_16908288
मध्य प्रदेश के इंदौर में चोइथराम मंडी के पास शनिवार को एक चलती रिट्ज कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के दौरान कार चला रहा युवक वाहन के अंदर ही फंस गया और गंभीर रूप से झुलस गया। सूचना मिलते ही यातायात थाना जोन-4 के प्रभारी सुमित बिलोनिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
आरक्षक विजय, प्रधान आरक्षक कमल और एएसआई जे.पी. तिवारी के साथ मिलकर पुलिसकर्मियों ने कार का कांच तोड़कर चालक को बाहर निकाला। इसके बाद मौके पर प्राथमिक उपचार और CPR देकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया गया।
घायल चालक को लोडिंग रिक्शा की मदद से तत्काल चोइथराम अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक जांच में उसके करीब 40 प्रतिशत तक झुलसने की जानकारी सामने आई है। गंभीर हालत में उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि कार के अंदर रखे कुछ नोट भी आग की चपेट में आकर जल गए। यातायात पुलिस टीम ने वाहन में लगी आग को बुझाने में भी तत्परता दिखाई।
घटना के बाद यातायात डीसीपी ने थाना प्रभारी सुमित बिलोनिया सहित पूरी टीम की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की सराहना की है।
मुश्किल घड़ी में पुलिस की तत्परता ने घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
