धनतेरस से छठ पूजा तक प्रदेश में नहीं होगी बिजली कटौती, 24 घंटे आपूर्ति के निर्देश- सीएम योगी
उत्तर प्रदेश। धनतेरस से छठ पूजा तक प्रदेश में बिजली कटौती नहीं होगी। शासन ने शहर से लेकर गांव तक 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद ने अधिकारियों के साथ बिजली व्यवस्था की समीक्षा करते हुए त्योहारों के दौरान आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बिजली बाधित होने की स्थिति में तत्काल आपूर्ति बहाल की जाए। इसके लिए पर्याप्त संख्या में मरम्मत गैंग हर समय तैयार रहेंगे। अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन पर उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ट्रांसफार्मर, फीडर और बिजली लोड की नियमित पेट्रोलिंग की जाएगी। ढीले तारों और झुके बिजली के पोल को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, घरों की छतों के पास से गुजर रहे बिजली के तारों को भी मानकों के अनुरूप करने को कहा गया है।
मेला और सार्वजनिक आयोजनों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। बिजली संबंधी शिकायतों के लिए डिस्कॉम से लेकर जिला स्तर तक कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। बिजली हेल्पलाइन 1912 की लगातार मॉनिटरिंग होगी। इसके अलावा स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों को तय समय में हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
