गोमती नदी से युवक-युवती के शव बरामद, शिनाख्त में जुटी लखनऊ पुलिस
लखनऊ: गोमती नगर थाना क्षेत्र में एसीपी कार्यालय के पास गोमती नदी से एक युवक और एक युवती के शव बरामद किए गए हैं। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों शवों को नदी से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह गोमती नदी में शव उतराने की सूचना मिली थी। बाहर निकाले गए शवों में युवती की उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है, जो नीली जींस और काला टॉप पहने हुए थी। वहीं युवक की उम्र लगभग 30 वर्ष है, जो नीली जींस और शर्ट पहने हुए था। दोनों की पहचान अभी नहीं हो सकी है और यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वे कहां के रहने वाले हैं।
इंस्पेक्टर गोमती नगर ब्रजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि दोनों शवों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
