असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा निरस्त, धांधली के बाद यूपी सरकार का बड़ा फैसला
लखनऊ (Lko): उत्तर प्रदेश सरकार ने असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया है। यह फैसला अभ्यर्थियों के हित में लिया गया है। 16 और 17 अप्रैल 2025 को आयोजित हुई इस परीक्षा में गंभीर अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद सरकार ने कड़ा कदम उठाया है।
बताया गया है कि परीक्षा में धांधली की सूचना यूपी एसटीएफ को पहले ही मिल गई थी। जांच के दौरान सॉल्वर गैंग की संलिप्तता, अवैध धन वसूली और परीक्षा प्रक्रिया को प्रभावित करने से जुड़े ठोस सबूत सामने आए हैं। इस मामले में महबूब अली, वैभव पाल और विशाल पाल की गिरफ्तारी भी की गई है।
जांच में परीक्षा की शुचिता भंग होने के स्पष्ट संकेत मिलने के बाद सरकार ने पूरी परीक्षा को रद्द करने का निर्णय लिया। अब असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से दोबारा आयोजित की जाएगी।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। परीक्षा निरस्त होने के फैसले से अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है।
