लखनऊ: डॉक्टर रमीज मलिक के घर कुर्की नोटिस, KGMU दुष्कर्म मामले में कार्रवाई तेज
लखनऊ– KGMU में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म और धर्मांतरण के दबाव के गंभीर मामले में आरोपी डॉक्टर रमीज मलिक के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन ने रमीज मलिक के घर कुर्की का नोटिस चस्पा किया है।
जानकारी के अनुसार, पीलीभीत जिले के न्यूरिया स्थित उसके ठिकाने पर कुर्की का नोटिस लगाया गया है। इसके साथ ही लखनऊ के हुसैनाबाद इलाके में भी उसके आवास पर कुर्की नोटिस चस्पा किया गया है। आरोपी डॉक्टर रमीज मलिक पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
मामले की आंतरिक जांच कर रही विशाखा कमेटी ने अपनी रिपोर्ट KGMU के कुलपति को सौंप दी है। वहीं, जांच में यह भी सामने आया है कि रमीज मलिक कथित तौर पर डॉक्टर जाकिर नाईक से प्रेरित था।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, आरोपी का MD पैथोलॉजी में लिया गया दाखिला भी रद्द किए जाने की प्रक्रिया में है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
