दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर और घना कोहरा, संगम व गंगासागर में उमड़ा आस्था का सैलाब
दिल्ली-एनसीआर में आज शीतलहर और घने कोहरे के चलते जनजीवन प्रभावित रहा। सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे सड़क और रेल यातायात पर असर पड़ा। मौसम विभाग ने कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे को लेकर अलर्ट जारी किया है।
वहीं मकर संक्रांति और एकादशी के अवसर पर प्रयागराज स्थित संगम और पश्चिम बंगाल के गंगासागर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। माघ मेला अधिकारी ऋषि राज ने बताया कि एकादशी के मौके पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम में स्नान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुबह 6 बजे तक करीब 9 लाख 50 हजार श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके थे और सभी घाटों पर श्रद्धालुओं की मौजूदगी बनी हुई है।
उन्होंने यह भी बताया कि मकर संक्रांति गुरुवार को है, लेकिन 14 जनवरी होने के कारण आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है और हर स्थान पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
