महोबा में जल शक्ति मंत्री के कार्यक्रम के दौरान हंगामा
महोबा– उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के महोबा दौरे के दौरान उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण उर्फ गुड्डू राजपूत ने अपने समर्थकों के साथ मंत्री का काफिला रोक दिया। विधायक ने गांवों में पानी की आपूर्ति न होने तथा सड़कों को खोदकर छोड़ दिए जाने को लेकर नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि काफिला रोके जाने के दौरान जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच तीखी नोकझोंक हुई। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई, जब दोनों नेताओं के सुरक्षा कर्मियों के बीच झड़प हो गई।
घटना के बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह विधायक को साथ लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जहां जनपद के प्रधानों के साथ जल आपूर्ति एवं सड़क संबंधी समस्याओं को लेकर बैठक चल रही है। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले को शांत कराते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया गया।
पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
